मन्दसौर नगरपालिका को नया अध्यक्ष मिला - भाजपा पार्षद राम कोटवानी चुने गए

मन्दसौर। न्यायालय के निर्देश अनुसार निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका परिषद में नो माह बाद सोमवार को पार्षदों ने नये अध्यक्ष के रूप में वार्ड क्रमांक 11 के भाजपा पार्षद को नया अध्यक्ष चुन लिया।
निर्वाचन आयोग पर्यवेक्षक डी पी तिवारी, जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर मनोज पुष्प के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से वर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ़ शेख़ ओर भाजपा की ओर से राम कोटवानी के नामांकन प्रस्तुत हुए। नगर के कुल 40 पार्षदों ने मतदान किया। अंतिम परिणाम भाजपा के राम कोटवानी के पक्ष में रहे । उन्हें 22 मत मिले जबकि हनीफ़ शेख़ को 18 मत मिले।
कलेक्टर ने विजयी अध्यक्ष नाम घोषित कर प्रमाणपत्र सौंपा ।उल्लेखनीय है कि नगर परिषद में भाजपा समर्थित 23 पार्षद हैं , जबकि कांग्रेस समर्थित 17, मतदान गणना में कांग्रेस को 18 मत प्राप्त हुए।
ज्ञातव्य है कि 17 जनवरी 2019 को जनता द्वारा चुने गए अध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, महीनों तक पद रिक्त रहा , राज्य शासन ने अपने अधिकार से कांग्रेस पार्षद मोहम्मद हनीफ़ शेख़ का मनोनयन कर दिया। इसके विरोध में न्यायालय में राम कोटवानी ने याचिका दायर की, राज्यपाल तक गुहार लगाई , अंततः न्यायालय ने तत्काल निर्वाचन आदेश दिया।
कानूनी लड़ाई का लाभ भाजपा ने राम कोटवानी को देते हुए अध्यक्ष पद प्रत्याशी बनाया। कोटवानी जिला भाजपा के उपाध्यक्ष भी हैं तथा पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे रघुनंदन शर्मा समर्थक माने जाते हैं।
उठापटक, आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा अपने सभी पार्षदों व प्रतिनिधियों को एकत्रित कर दो दिनों तक बाहर रखा परन्तु फिर भी एक मत का नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस एकजुट नहीं थी फिर भी पर्यवेक्षक बटुकशंकर जोशी व नेताओं के प्रयासों से एक नाम पर सहमत हुए।
रतलाम विधायक चैतन्य काश्याप , प्रदेश संगठन महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, सांसद सुधीर गुप्ता, मन्दसौर विधायक यशपालसिंह सिसोदिया के संयुक्त प्रयासों से पुनः भाजपा अध्यक्ष चुना गया।
अब प्रेसीडेंट कॉउंसिल के गठन की तैयारी में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों जुट गए हैं।
जीत के बाद नये अध्यक्ष राम कोटवानी के साथ वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा को माल्यार्पण किया। संबोधित किया और विश्वास दिलाया कि जनहित में काम करते रहेंगे।


Comments